प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पटना टीम ने PMLA की धारा 17 के तहत बैंक धोखाधड़ी मामले में तलाशी अभियान शुरू किया है। यह कार्रवाई रामनंदी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड, गया, बिहार से जुड़े मामले में की जा रही है। कंपनी पर आरोप है कि उसने बैंकों से मिले 85 करोड़ रुपये के ऋण में से करीब 58 करोड़ रुपये डायवर्ट किए हैं।
ED के मुताबिक, कंपनी ने फर्जी प्रोजेक्ट कंप्लीशन रिपोर्ट के आधार पर बैंकों से कर्ज हासिल किया। जांच एजेंसी के अनुसार, कंपनी से जुड़ी संपत्तियों को कथित तौर पर कम कीमत पर बेचने और बेनामी खरीदारों के जरिए हस्तांतरित करने की आशंका है। ED ने गया में 6, गुरुग्राम में 2 और नई दिल्ली में 1 स्थान समेत कुल 9 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है। CBI चार्जशीट के अनुसार, मामले में कथित अपराध से जुड़ी राशि करीब 131.79 करोड़ रुपये बताई गई है।
