भारत और रोमानिया ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में सहयोग के लिए तीन समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। इन समझौतों पर कल बुखारेस्ट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर डैन के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद हस्ताक्षर किए गए।
अपनी प्रेस विज्ञप्ति में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत और रोमानिया सात दशकों से अधिक समय से घनिष्ठ और स्थायी मित्रता साझा करते आ रहे हैं, जो आपसी विश्वास, सम्मान और मजबूत जन-संबंधों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भारत-रोमानिया साझेदारी समय के साथ लगातार मजबूत हुई है। राष्ट्रपति ने कहा कि यह साझेदारी अधिक महत्वाकांक्षी लक्ष्यों, मजबूत सहयोग और भविष्य के लिए साझा दृष्टिकोण के साथ एक नए चरण में प्रवेश कर रही है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि उन्होंने और राष्ट्रपति निकुसोर डैन ने सार्थक और उपयोगी चर्चा की और हाल के वर्षों में हुई प्रगति की समीक्षा की। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि दोनों देश अपनी-अपनी प्राथमिकताओं के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमत हुए हैं।
