रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ ने आज ओडिशा तट के पास स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम द्वीप से लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली कुशा मिसाइल का पहला सफल उड़ान परीक्षण किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए डीआरडीओ और सभी संबंधित पक्षों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता भारत के रक्षा अनुसंधान और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण है।

    श्री सिंह ने कहा कि लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली विकसित करने की क्षमता दुनिया के केवल कुछ ही देशों के पास है। उन्होंने कहा कि कुशा मिसाइल प्रणाली भारत की आयात पर निर्भरता को कम करेगी और देश की वायु रक्षा क्षमता को उल्लेखनीय रूप से मजबूत बनाएगी।