वैश्विक दक्षिण के देशों के साथ स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत करने की दिशा में भारत ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भारत ने आज अफ्रीकी देश बोत्सवाना के लिए 10 टन एंटी-रेट्रोवायरल दवाओं की खेप रवाना की है। इन दवाओं का इस्तेमाल एचआईवी और एड्स से प्रभावित मरीजों के इलाज में किया जाएगा। भारत की ओर से भेजी गई यह चिकित्सा सहायता बोत्सवाना की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था और एचआईवी-एड्स उपचार कार्यक्रम को मजबूती देने में मदद करेगी।

भारत लगातार विकासशील और ग्लोबल साउथ के साझेदार देशों के साथ स्वास्थ्य और मानवीय सहयोग को प्राथमिकता देता रहा है। बोत्सवाना को भेजी गई यह सहायता भी इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। भारत ने एक बार फिर संदेश दिया है कि संकट और स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने में वह अपने साझेदार देशों के साथ सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।