मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 1,423.94 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। इस राशि का लाभ राज्य के 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को मिला। कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं लाभार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को ‘बिहार पेंशन दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी दिन राज्य के सभी पात्र सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की जाएगी, ताकि लाभार्थियों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस भुगतान में राज्य सरकार की तीनों सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत जून 2026 की राशि तथा राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) की तीनों योजनाओं के तहत मई एवं जून 2026 की पेंशन शामिल है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की पारदर्शी, जवाबदेह एवं तकनीक आधारित जनकल्याणकारी व्यवस्था का उदाहरण है।








