Photo taken on April 19, 2022 shows the IMF headquarters in Washington, D.C., the United States. (Photo by Ting Shen/Xinhua/IANS)

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी IMF ने भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि की सराहना की है। IMF ने कहा है कि भारत दुनिया की आर्थिक वृद्धि का एक प्रमुख इंजन बना हुआ है। यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब भारत की वास्तविक GDP ने दूसरी तिमाही में 7.8 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की है। IMF के मुताबिक, भारत की दूसरी तिमाही की आर्थिक वृद्धि उसके अपने अनुमान और दूसरे आर्थिक विशेषज्ञों के अनुमान से भी बेहतर रही है।

IMF के संचार विभाग की निदेशक जुली कोजैक ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था का यह प्रदर्शन खास तौर पर महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस दौरान वैश्विक स्तर पर ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी का दबाव भी रहा। जुली कोजैक के मुताबिक, भारत की GDP वृद्धि में सेवा क्षेत्र और निर्यात की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोजैक ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था ने बाहरी दबावों के बीच जिस तरह मजबूती दिखाई है, वह उसकी आर्थिक क्षमता और लचीलेपन को दर्शाता है।

आईएमएफ के मुताबिक, यह आंकड़ा वैश्विक स्तर पर ऊर्जा कीमतों के झटके के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को दिखाता है। IMF ने भारत के आर्थिक आंकड़ों को आधुनिक बनाने के प्रयासों का भी स्वागत किया है। जुली कोजैक ने कहा कि औद्योगिक उत्पादन सूचकांक और उत्पादक मूल्य सूचकांक की नई श्रृंखला को GDP के आंकड़ों में शामिल करना एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारत के GDP अनुमान और बेहतर हो सकते हैं। IMF ने भारत के सांख्यिकीय ढांचे और डेटा की गुणवत्ता को लगातार मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया है।

भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर IMF का अगला विस्तृत अनुमान अक्टूबर में जारी होने वाले वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक में सामने आएगा। फिलहाल IMF का आकलन साफ है। 7.8 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि, सेवाओं और निर्यात की ताकत और ऊर्जा कीमतों के झटके के बीच लचीलापन, भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है। और इसी वजह से IMF भारत को दुनिया की आर्थिक वृद्धि का प्रमुख इंजन मान रहा है।