लोकसभा और राज्यसभा की आज की कार्यसूची में कई अहम विधायी कार्य सूचीबद्ध हैं। लोकसभा में आज कराधान और अन्य विधियां (संशोधन) विधेयक, 2026 पेश किया जाएगा। विधेयक को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पेश करेंगी। विधेयक के माध्यम से संदाय और निपटान प्रणाली अधिनियम, 2007, आय-कर अधिनियम, 2025 तथा वित्त अधिनियम, 2026 में और संशोधन किए जाने का प्रस्ताव है।
इसके साथ ही विनियोग संख्यांक-3 विधेयक, 2026 और बैंककार बही साक्ष्य विधेयक, 2026 को विचार और पारित किए जाने के लिए लोकसभा की कार्यसूची में शामिल किया गया है। साथ ही, लोकसभा में वर्ष 2022-23 के लिए अतिरिक्त अनुदानों की मांगों पर चर्चा भी सूचीबद्ध है।
राज्यसभा में आज एक विधेयक चर्चा और विचार के लिए सूचीबद्ध है। उच्च सदन में आज जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 पर चर्चा होगी। जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रीकरण (संशोधन) विधेयक के माध्यम से जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रीकरण अधिनियम, 1969 में संशोधन किए जाने का प्रस्ताव है।
विधेयक के माध्यम से जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रेशन के नियमों में बड़े बदलाव होंगे। इसमें प्रस्ताव हैं कि दो साल से अधिक की देरी होने पर कोर्ट की मंजूरी जरूरी होगी। साथ ही, रजिस्ट्रेशन से पहले दस्तावेजों के सत्यापन की अनिवार्यता, देरी से आवेदन करने पर निर्धारित शुल्क, समय पर रजिस्ट्रेशन को बढ़ावा तथा फर्जी रजिस्ट्रेशन पर लगाम लगाने की तैयारी की जा रही है।

