रांची में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों और झारखंड सरकार के बीच बातचीत हुई। स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में सरकार की ओर से कैबिनेट स्तर के प्रतिनिधिमंडल और छात्र प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और अपनी-अपनी मांगें एवं चिंताएं रखीं।

बैठक के बाद झारखंड की मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने बताया कि छात्रों की प्रमुख चिंताओं को मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा दिया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ मुद्दों पर छात्रों से लिखित जानकारी मांगी गई है और सरकार उनकी मांगों पर समाधान निकालने की दिशा में काम कर रही है।

वहीं, छात्र नेताओं ने कहा कि सरकार ने भर्ती परीक्षाओं और संबंधित व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत को स्वीकार किया है। छात्रों ने उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर आगे ठोस कार्रवाई होगी।

हालांकि, छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। आंदोलनकारी छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI और ED से जांच कराने के साथ-साथ JPSC और JSSC में व्यापक संरचनात्मक सुधार की मांग कर रहे हैं।