धनबाद स्टेशन पर आरपीएफ-सीआईबी ने ऑपरेशन नारकोस के तहत 6.18 किलो गांजा के साथ युवक को गिरफ्तार किया, बरामद गांजे की कीमत करीब 3.09 लाख रुपये। Category: Crime , Police Deadline: 10 AUG, DHANBAD 10 अगस्त, धनबाद: स्वतंत्रता दिवस को लेकर धनबाद रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान आरपीएफ और सीआईबी की टीम को बड़ी सफलता मिली है।
ऑपरेशन नारकोस के तहत संयुक्त टीम ने धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 के कालका छोर से एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 6 किलो 180 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 9 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के पास से एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट धनबाद और सीआईबी की टीम प्लेटफॉर्म पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काले रंग का पिट्ठू बैग लेकर जा रहे एक युवक पर जवानों को शक हुआ।
तलाशी लेने पर बैग से गांजे के छह पैकेट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम 28 वर्षीय गणेश सिंह बताया है। वह गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र का रहने वाला है। आरोपी के अनुसार, उसके दोस्त दीपक कुमार ने उसे गांजे की खेप धनबाद से हजारीबाग रोड स्टेशन तक पहुंचाने के लिए दी थी। इसके बदले उसे पांच हजार रुपये मिलने थे।
बरामद गांजे को राजपत्रित अधिकारी सहायक सुरक्षा आयुक्त की मौजूदगी में जब्त किया गया। मामले में RPF की लिखित शिकायत पर GRPS धनबाद में NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस और RPF गांजे की खेप के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
