प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल वर्चुअली माध्‍यम से 20वें रोज़गार मेले में विभिन्‍न सरकारी विभागों और संगठनों में भर्ती हुए युवाओं को 51 हज़ार से अधिक नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस अवसर पर श्री मोदी कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।

यह रोज़गार मेला देश भर में 45 स्‍थानों पर आयोजित किया जाएगा। नए नियुक्त उम्मीदवार भारत सरकार के विभिन्‍न मंत्रालयों और विभागों में शामिल होंगे, जिनमें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग तथा रक्षा मंत्रालय शामिल हैं।

रोज़गार मेला युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर सृजन करने और देश की विकास यात्रा में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर सरकार के संकल्‍प को दिखाता है।

20वें रोज़गार मेले के साथ कुल मिलाकर लगभग 12 लाख 75 हज़ार युवाओं को अलग-अलग विभागों और सरकारी संगठनों में नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं।

रायपुर में 20वें रोजगार मेले का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, साइंस कॉलेज परिसर, जी.ई. रोड में किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।

रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से 125 अभ्यर्थी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहेंगे। इनमें आयकर विभाग, डाक विभाग, रेलवे, सर्वे ऑफ इंडिया, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, गृह मंत्रालय, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ महाराष्ट्र तथा एम्स रायपुर से संबंधित नव नियुक्त अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त इन्हीं विभागों से करीब 90 अन्य अभ्यर्थी भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।