भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने रेजिनगर सीट से शाखारव सरकार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि नंदीग्राम विधानसभा सीट से हसिरानी रथ पार्टी की उम्मीदवार होंगी। हासिरानी रथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए रहे चंद्रनाथ रथ की मां हैं।
24 परगना जिले में 6 मई की रात मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बात अगर नंदीग्राम सीट की करें तो यह सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम के साथ भवानीपुर सीट से भी जीत दर्ज की थी. बाद में उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी। अब इसी सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
बीजेपी ने इस चुनाव में हसिरानी रथ को उतारकर चंद्रनाथ रथ के नाम से जुड़े पुराने मामले को भी फिर चुनावी चर्चा में ला दिया है। वहीं मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने खाली की थी। उन्होंने नौदा से भी जीत हासिल की थी। एक दिन पहले ही ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट द्वारा इन दो सीट के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस गुट ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान डे और रेजीनगर से पूर्व विधायक रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, बागी धड़े ने दोनों सीटों से मोहम्मद एतेशामुल हक और सफीउज्जमां शेख को मैदान में उतारा है। कांग्रेस और वाम मोर्चे ने भी दोनों सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। दोनों सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान छह अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना नौ अक्टूबर को की जाएगी।

