जुलाई 23, नई दिल्ली:

 संसद के मॉनसून सत्र का आज चौथा दिन है। दोनों सदनों में अहम विधायी कार्य सूचीबद्ध है। लोकसभा में आज विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026 को पारित करने के लिए सदन के पटल पर रखेंगे। ये विधेयक ही अध्यादेश का स्थान लेगा। इसका उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 (चीफ जस्टिस सहित) करने का प्रावधान है। 

वहीं राज्य सभा में गृह मंत्री अमित शाह राष्ट्र-गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 को विचार करने के लिए पेश करेंगे। यह विधेयक राष्ट्र-गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 में संशोधन का प्रावधान करता है। इसके माध्यम से सरकार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का अपमान करने या उसके गायन में बाधा डालने को दंडनीय अपराध बनाना चाहती है। गृह मंत्री ये भी प्रस्ताव रखेंगे कि इस विधेयक को पारित किया जाए।