धनबाद / झारखण्ड: बुधवार को आयोजित हुए बाल संवाद कार्यक्रम में किड्स गार्डन स्कूल, झरिया और सेंट जोसेफ्स इंटरनेशनल स्कूल, नवागढ़ के छात्र-छात्राओं ने धनबाद रेलवे मंडल के डीआरएम श्री अशोक कुमार मिश्र से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने धनबाद रेलवे स्टेशन से जुड़ी कई अहम समस्याओं को उठाया।
छात्रों का प्रमुख सवाल था कि स्टेशन से बाहर निकलने में आधा घंटा क्यों लग जाता है, जबकि गेट हमेशा बंद रहता है और पूरी भीड़ एक ही रास्ते से गुजरती है। इसके अलावा छात्रों ने प्लेटफॉर्म की गंदगी, ओवरब्रिज पर लाइट की कमी, स्टाफ की भारी कमी, स्टेशन परिसर में निजी गाड़ियों की आवाजाही और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर भी सवाल किए।
डीआरएम श्री मिश्र ने छात्रों के सभी सवालों का गंभीरता से जवाब दिया और भरोसा दिलाया कि जल्द ही धनबाद स्टेशन पर नया एग्जिट प्वाइंट बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि स्टाफ की कमी को दूर करने हेतु भर्ती प्रक्रिया जारी है और महिला सुरक्षा के लिए स्टेशन पर सीसीटीवी निगरानी और सहायता बूथ स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि स्टेशन परिसर में निजी गाड़ियों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन का सहयोग आवश्यक है।
कार्यक्रम में स्वाति कुमारी, वैष्णवी रंजन, काजल सिंह, ऋषभ कुमार सिंह, प्रियांशु राज, मनस्वी सिंह, समृद्धि कुमारी, आकाश राज, और अन्य छात्रों ने भाग लिया और रेलवे से जुड़े सवाल पूछे।
दैनिक जागरण द्वारा संचालित संवाद कार्यक्रम ने छात्रों को प्रशासन से संवाद का एक सशक्त मंच दिया, जिससे न केवल उनकी जिज्ञासा शांत हुई, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर खुलकर बोलने का अवसर भी मिला।
कार्यक्रम की सफलता में दैनिक जागरण की टीम और रेलवे प्रशासन का विशेष योगदान रहा।






