धनबाद, 19 सितंबर 2026। इस्कॉन धनबाद की ओर से श्रीमती राधारानी के दिव्य प्राकट्य महोत्सव राधाष्टमी के पावन अवसर पर डॉक्टर कॉलोनी, जगजीवन नगर स्थित बंगला नंबर-6 (डॉ. अभिजीत के आवास) में भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में धनबाद विधायक श्री राज सिन्हा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान हरिनाम संकीर्तन और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण राधारानी की भक्ति में सराबोर रहा।
महोत्सव का विशेष आकर्षण श्रीमान अतुल कृष्ण प्रभु जी द्वारा राधारानी की महिमा पर प्रस्तुत विशेष कथा रही। ऑस्ट्रेलिया में जन्मे अतुल कृष्ण प्रभु जी वर्तमान में इस्कॉन मायापुर में रहकर भक्ति एवं कृष्णभावनामृत के प्रचार-प्रसार में सेवा कर रहे हैं। उनकी ओजस्वी एवं भावपूर्ण कथा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव से अभिभूत कर दिया।
कथा के पश्चात श्रीराधा-कृष्ण का पुष्पाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर श्रीमती राधारानी के दिव्य प्राकट्य दिवस पर अपनी श्रद्धा एवं भक्ति निवेदित की। हरिनाम संकीर्तन से कार्यक्रम स्थल का वातावरण लगातार भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों एवं श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रेम एवं श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण कर राधारानी के चरणों में प्रार्थना अर्पित की।
इस प्रकार कीर्तन, कथा, पुष्पाभिषेक एवं प्रसाद वितरण के साथ राधाष्टमी का पावन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।
