सिजुआ क्षेत्र (बीसीसीएल) के अंतर्गत सिजुआ साइडिंग एवं उससे जुड़े परिवहन मार्गों पर आज केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), कतरास क्षेत्र-4 द्वारा फ्लैग मार्च आयोजित किया गया। यह अभियान बीसीसीएल की संपत्तियों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा क्षेत्र में कोयला चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से संचालित किया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान CISF के जवानों ने सिजुआ साइडिंग, आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों तथा AKWM कोलियरी से जुड़े प्रमुख परिवहन मार्गों पर व्यापक गश्त की। इस दौरान सुरक्षा बलों की सक्रिय उपस्थिति से असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ा संदेश गया तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।
बीसीसीएल प्रबंधन ने CISF की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी की परिसंपत्तियों एवं राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में CISF के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाएंगे, जिससे अवैध खनन, कोयला चोरी एवं अनधिकृत परिवहन जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
प्रबंधन ने यह भी दोहराया कि बीसीसीएल, एक केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम होने के नाते, देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देता है। अतः इसकी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों के साथ सतत सहयोग बनाए रखा जा रहा है।




