भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती पर आज बीसीसीएल द्वारा अंबेडकर चौक तथा सामुदायिक भवन कोयला नगर में भव्य जयंती समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम कोयला नगर स्थित अंबेडकर चौक पर हुआ, जहाँ सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार, मुख्य सतर्कता पदाधिकारी, श्री अमन राज सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि/ सीसीसी, वेलफेयर एवं सेफ्टी बोर्ड सदस्य – श्री संजीत सिंह, श्री आर.के. तिवारी, श्री कुश कुमार सिंह, श्री उमेश सिंह, श्री मुरारी तांती, श्री अर्जुन सिंह, श्री के.के. सिंह, सिस्टा के संस्थापक श्री आर.एस. राम, संस्थापक सदस्य, श्री एस.डी. दास ललन, , श्री राजकुमार कनौजिया (राष्ट्रीय महासचिव), श्री कृष्ण बल्लभ पासवान (महासचिव), श्री भोला कुमार भुइयां (अध्यक्ष, सिस्टा बीसीसीएल), श्री संजय कुमार मरांडी (कोषाध्यक्ष), श्री प्रमोद कुमार (कार्यकारी अध्यक्ष), सिस्टा के अन्य सदस्य, कोयला भवन मुख्यालय के सभी महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मी, गणमान्य अतिथि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान संविधान झांकी को भी रवाना किया गया, जो डीआरएम चौक, कार्मिक नगर तथा शहर के अन्य मुख्य मार्गों से होते हुए कोयला नगर स्थित सामुदायिक भवन पहुँचा, जहाँ कार्यक्रम के दूसरे सत्र में में एक विचार संगोष्ठी-सह-सांस्कृतिक सभा का आयोजन किया गया।

बीसीसीएल के अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ तथा कोल इंडिया एस.सी/एस.टी एम्प्लाइज एसोसिएशन (सिस्टा) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सत्र में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल, बीसीसीएल निदेशक मंडल सहित सिस्टा के सभी वरीय पदाधिकारी-सदस्य, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य अतिथि, बीसीसीएल कर्मी, उनके परिवारजन तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इसके उपरांत सभी मंचासीन अतिथियों का सिस्टा पदाधिकारियों ने अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं पुष्प-गुच्छ देकर स्वागत अभिनन्दन किया।

तत्पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम में सर्वप्रथम गीतकार संजय पासवान एवं उनकी टीम द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद बिरसा मुंडा विद्यालय जगजीवन नगर की छात्राओं द्वारा नृत्य प्रस्तुति तथा पूर्वी टुंडी क्षेत्र के अंबेडकर क्लब लटानी के बच्चों द्वारा बहुजन झांकी प्रस्तुत की गयी, जिसमें क्लब के बच्चों ने माता रमाबाई, संत कबीर, भगवान बिरसा मुंडा, छत्रपति साहूजी महाराज, ज्योतिबा फूले, संत रविदास, तथागत बुद्ध एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की वेशभूषा धारण कर मंच पर अपनी प्रस्तुति दी।

अपने संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सदैव एक न्यायपूर्ण और समावेशी समाज की स्थापना के लिए संघर्ष किया।

उन्होंने वंचित और उपेक्षित वर्गों के अधिकारों हेतु अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया।

उनका दृष्टिकोण केवल सामाजिक समानता तक सीमित नहीं था, बल्कि शिक्षा, संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों को आधुनिक भारत की आधारशिला बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। बाबा साहब की दूरदर्शी सोच आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक है और हमें प्रेरित करती है कि हम एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करें जहाँ सभी नागरिकों को समान अवसर और सम्मान प्राप्त हो।

कार्यक्रम का समापन सिस्टा संस्थापक श्री आर. एस. राम द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मंच संचालन डॉ. रंजीता कीरो तथा जयनंदन पासवान ने संयुक्त रूप से किया।