मुंबई, जुलाई 2025: आज के तेजी से बदलते एंटरटेनमेंट वर्ल्ड में टेलीविज़न कलाकार डिजिटल दुनिया को नए और दिलचस्प तरीकों से अपना रहे हैं। अब वे अपनी ऑन-स्क्रीन इमेज से आगे बढ़कर एक असली और बिना किसी बनावटी रूप में दर्शकों से जुड़ रहे हैं। निजी ब्लॉग बनाने से लेकर इंटरैक्टिव कंटेंट और डिजिटल स्टोरीटेलिंग तक, अब एक्टर्स अपनी जिंदगी के वो पहलू भी दिखा रहे हैं जो स्क्रीन पर कम ही नज़र आते हैं।
एण्डटीवी के कलाकारों का मानना है कि ऑनलाइन मौजूदगी उन्हें रचनात्मक रूप से संतुष्टि देती है और दर्शकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखने में मदद करती है। इनमें प्रियंवदा कांत (‘घरवाली पेड़वाली‘ की लतिका), गीतांजलि मिश्रा (‘हप्पू की उलटन पलटन‘ की राजेश सिंह) और सोमा राठौड़ (‘भाबीजी घर पर हैं‘ की अम्मा जी) शामिल हैं।
प्रियंवदा कांत, जो जल्द ही शो ‘घरवाली पेड़वाली‘ में लतिका (पेड़वाली) के किरदार में नजर आएंगी, कहती हैं, ‘‘आज के समय में डिजिटल स्पेस केवल सेल्फी या डांस रील्स तक सीमित नहीं है। यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म बन चुका है, जहां हम अपने दर्शकों से सच्चे मायनों में जुड़ सकते हैं।
चाहें वह छोटी कहानियों के वीडियो हों, मेरी ट्रैवल झलकियां हों या मेरी क्रिएटिव जर्नी के बिहाइंड-द-सीन पल, मैं इसे एक शानदार जरिया मानती हूं, जहां टेक्नोलॉजी की मदद से मैं उन फैंस से सीधा और रियल टाइम कनेक्शन बना पाती हूं, जिन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया है। यह एक ऐसा स्पेस है जहां हम खुलकर खुद को अभिव्यक्त कर सकते हैं, संवाद कर सकते हैं और साथ-साथ आगे बढ़ सकते हैं।”
गीतांजलि मिश्रा, जो ‘हप्पू की उलटन पलटन‘ में राजेश का किरदार निभा रही हैं, बताती हैं, “डिजिटल प्लेटफॉर्म हमें एक ऐसी आवाज़ देते हैं जो बिना स्क्रिप्ट के, असली और बहुत ही व्यक्तिगत होते है। मैंने ‘सोल सागा‘ नाम से अपना चैनल शुरू किया, जहां मैं उन विषयों पर बात कर सकती हूं जो मेरे दिल के करीब हैं-चाहे वह मेंटल हेल्थ हो, संस्कृति और अध्यात्म हो या फिर प्राचीन भारतीय मंदिरों की मेरी यात्रा और कला के प्रति मेरा लगाव। यह मेरा अपना एक छोटा-सा संसार है, जहां मैं वेलनेस, परंपरा और सच्ची बातचीत को मिलाकर एक सुकून भरी जगह बनाती हूं।
इससे लोग केवल स्क्रीन पर दिखने वाली ‘राजेश’ नहीं, बल्कि असली गीतांजलि को भी जान पाते हैं। मैं मानती हूं कि डिजिटल मौजूदगी बहुत जरूरी है- अगर इसे सोच-समझकर इस्तेमाल किया जाए। यह आपकी ज़िंदगी का हिस्सा होना चाहिए, न कि उस पर हावी हो जाना चाहिए।
दिलचस्प बात यह है कि ‘हप्पू की उलटन पलटन‘ का मौजूदा ट्रैक भी इसी थीम पर आधारित है, लेकिन मजेदार अंदाज़ में। हप्पू सोशल मीडिया स्टार बनने और वीडियो से पैसे कमाने की पूरी कोशिश करता है, लेकिन उसके बच्चे अनजाने में हर बार उसकी प्लानिंग पर पानी फेर देते हैं! यह आज के डिजिटल जमाने की रेस और ‘ट्रेंड’ करने के प्रेशर को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करता है, जो मुझे बेहद प्रासंगिक और मजेदार लगता है।”
‘भाबीजी घर पर हैं‘ में अम्मा जी के किरदार से मशहूर सोमा राठौड़ बताती हैं, “मेरा ऑनलाइन कंटेंट मेरी निजी डायरी जैसा है। मुझे अपनी ज़िंदगी की झलकियां साझा करना बहुत पसंद है-खासकर अपने बेटों और हमारे पेट्स के साथ। मेरे बेटे बहुत अच्छे कुक हैं, तो हम अक्सर मिलकर हमारी किचन एडवेंचर रिकॉर्ड करते हैं।
और हमारे पेट्स, जिनमें दो बतख और तीन डॉग्स शामिल है, अपने आप में ही सुपरस्टार हैं! मगर जो चीज़ मुझे सबसे ज्यादा खुशी देती है, वो है मज़ेदार किरदारों की मिमिक्री और नटखट हरकतें करना। यह मेरे अंदर के बच्चे की आवाज़ है, जो अब डिजिटल स्पेस में खुलकर बोल पाती है। यह एक वास्तविक और मज़ेदार तरीका है, अपने फैन्स से जुड़ने का, और मैं इसके लिए बेहद आभारी हूं।”
