भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR पूरा होने के बाद छूटे हुए, पहली बार वोट देने वाले और युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने यह निर्देश 1 अक्टूबर 2026 को सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को जारी किए।
अभियान के तहत बूथ स्तर अधिकारी (BLO) प्री-SIR और वर्तमान मतदाता सूची की तुलना कर उन मतदाताओं की सूची तैयार करेंगे, जिनके नाम पहले की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं। इसके बाद BLO ऐसे मतदाताओं के घर-घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी लेंगे और पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 के जरिए नाम जुड़वाने में मदद करेंगे। आयोग ने BLO को हर सप्ताह कम से कम 20 से 25 मतदाताओं तक पहुंचने का लक्ष्य दिया है, ताकि करीब एक महीने में यह अभियान पूरा किया जा सके।
BLO पहली बार वोट देने वाले और अन्य छूटे हुए पात्र मतदाताओं के भी फॉर्म-6 भरवाएंगे। इसके अलावा, बूथ स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। नाइट शेल्टर, मजदूर कॉलोनियों, बेघर और वंचित वर्गों के लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए भी विशेष कैंप आयोजित किए जा सकते हैं।
आयोग ने जागरूकता के लिए शैक्षणिक संस्थानों, स्थानीय स्तर के संपर्क कार्यक्रमों, SVEEP गतिविधियों और नियमित प्रेस ब्रीफिंग के जरिए अभियान चलाने को कहा है। अभियान की निगरानी मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ERO) स्तर पर की जाएगी।


