‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के अंतर्गत आज सेंट्रल हॉस्पिटल, जगजीवन नगर में स्त्री रोग एवं प्रसूति (गायनेकोलॉजी) विभाग की ओर से सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
दो दिवसीय इस विशेष शिविर के प्रथम दिन कुल 67 महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग और एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। प्राथमिक परीक्षण के आधार पर 27 महिलाओं का निःशुल्क पैप स्मीयर टेस्ट हेतु सैम्पल भी संग्रहित किया गया।
अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), सीएचडी डॉ. बंदना, विभागाध्यक्ष (गायनेकोलॉजी) डॉ. अल्का सिंह, वरीय विशेषज्ञ डॉ. मनीषा, विशेषज्ञ डॉ. शिल्पी वर्मा, पैथोलॉजी विभाग से डॉ. शिवानी सहित स्त्री एवं प्रसूति विभाग के अन्य चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. बंदना ने महिलाओं के स्वास्थ्य को परिवार और समाज की नींव बताते हुए कहा कि किसी भी समाज में एक स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार की आधारशिला है।
नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर टीकाकरण और कैंसर जैसे रोगों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान, महिलाओं को गंभीर बीमारियों से बचाने में सहायक है। बीसीसीएल द्वारा आयोजित यह अभियान स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने और सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
विदित हो कि 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक चल रहे इस 15 दिवसीय अभियान की शुरुआत रक्तदान शिविर से हुई थी, जिसमें बीसीसीएल, सीएचडी के अधिकारियों एवं कर्मियों तथा सीआईएसएफ के जवानों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। इसी दिन बच्चों के लिए निःशुल्क टीकाकरण शिविर भी आयोजित हुआ।
इसके उपरांत उच्च रक्तचाप से संबंधित रेटिनोपैथी स्क्रीनिंग शिविर, दंत स्वास्थ्य शिविर तथा विभिन्न गैर-संचारी रोगों की पहचान एवं परामर्श से जुड़ी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। आगामी दिनों में महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिसका उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों के बीच स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।



