नेहरू कॉम्प्लेक्स, कोयला नगर में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) द्वारा आयोजित चार दिवसीय (25-28 मार्च) कोल इंडिया अंतर कंपनी बैडमिंटन टूर्नामेंट का दूसरा दिन आज खिलाड़ियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और खेल भावना के नाम रहा। इस दौरान सीएमडी, श्री मनोज अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया और निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण किया। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद किया  और मैच के दौरान उनका उत्साहवर्धन किया। अवसर पर कोयला भवन मुख्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

आज टीम चैंपियनशिप (महिला एवं पुरुष) के फाइनल मुकाबले हुए, जिसमें एमसीएल (महानदी कोलफ़ील्ड्स लिमिटेड) और एनसीएल (नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के बीच खेले गए पुरुष टीम चैंपियनशिप में एमसीएल की टीम विजयी रही। वहीं महिला टीम चैंपियनशिप का मुकाबला डब्लूसीएल (वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) और सीसीएल (सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड) के बीच हुआ, जिसमें डब्लूसीएल की महिला प्रतिभागियों ने अपनी टीम के लिए जीत हासिल की।

इसके अतिरिक्त आज वेटेरन व्यक्तिगत श्रेणी (45+ और 55+) तथा ओपन श्रेणी (व्यक्तिगत) के मैचों की शुरुआत हुई। आज हुए मैचों का मुख्य आकर्षण सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्षनाथ मिश्रा और निदेशक (वित्त) श्री पी.के मिश्रा की सहभागिता रही। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने बतौर खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ अपने ग्रुप के मैच खेले।

प्रतियोगिता का समापन 28 मार्च को पुरस्कार वितरण के साथ होगा।