मुख्यमंत्री श्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की सहभागिता; परियोजना के विकास एवं संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा !

दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल) के सृजनी ऑडिटोरियम में आज माननीय मुख्यमंत्री श्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय प्रशासनिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने सहभागिता की। इस अवसर पर ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के सीएमडी श्री सतीश झा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान बीसीसीएल की प्रस्तावित कल्याणेश्वरी परियोजना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें डीइटी लैंड (Deity Land) एवं सरकारी भूमि से संबंधित विषय, तेतुल धोवड़ा एवं मुच्ची पाड़ा के स्थानांतरण तथा परियोजना को प्रारंभ करने की दिशा में आगे की कार्ययोजना प्रमुख रूप से शामिल रहे। परियोजना के सुचारु विकास एवं क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं अन्य पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

उल्लेखनीय है कि प्रस्तावित कल्याणेश्वरी परियोजना की परिकल्पना 25 वर्षों की अवधि में प्रतिवर्ष 40 लाख टन (4 एमटीपीए) कोयला उत्पादन क्षमता विकसित करने की है। परियोजना में कोल वाशरी एवं विद्युत संयंत्र की स्थापना भी प्रस्तावित है। परियोजना से लगभग 1,800 प्रत्यक्ष एवं 18,000 अप्रत्यक्ष रोजगार अवसरों के सृजन की संभावना है। इसके प्रथम चरण से पश्चिम बंगाल सरकार को लगभग ₹7,000 करोड़ का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है।

प्रस्तावित कल्याणेश्वरी परियोजना बीसीसीएल की कोयला उत्पादन क्षमता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पश्चिम बंगाल में रोजगार सृजन, राज्य के राजस्व में वृद्धि तथा औद्योगिक विकास को गति देने की महत्वपूर्ण संभावनाएं रखती है। परियोजना के विकास से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने तथा राज्य के औद्योगिक परिदृश्य को मजबूती मिलने की अपेक्षा है।