मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए 728 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, सड़क और सिंचाई योजनाओं, जिला पंचायतों को धनराशि आवंटित करने तथा टिहरी बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास से जुड़े कार्य शामिल हैं।
हरिद्वार कुंभ मेले की अस्थायी व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए कुल 492 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा, अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र में गैरखेत, बलमरा और सराईखेत मोटर मार्ग के डामरीकरण तथा हरिद्वार के बीएचईएल रानीपुर क्षेत्र में तीन निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है।
पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट विकासखंड की लामाखेत ग्राम पंचायत में सकत्या बड़बाप मंदिर के सौंदर्यीकरण, दीवार और धर्मशाला निर्माण के लिए भी स्वीकृति दी गई है। चंपावत जिले के पुनौली ग्राम पंचायत के गोगना तोक में ऐतिहासिक ब्रह्मचारिणी मेला स्थल का विकास और सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए ऊधम सिंह नगर के सितारगंज में सिडकुल से पंडरी तक अपर बैगुल नहर का जीर्णोद्धार किया जाएगा। पौड़ी जिले के ढिकोलिया गांव में स्प्रिंकलर आधारित नलकूप और नैनीताल जिले के ल्वेशाल गांव में लिफ्ट सिंचाई योजना के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।
