नई दिल्ली में आज से 12वें BRICS संसदीय मंच की शुरुआत हो रही है। दो दिन तक चलने वाले इस आयोजन का विषय है- जन-केंद्रित विकास के लिए संसदों को सशक्त बनाना। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंच की कार्यवाही की अध्यक्षता करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे और विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधिमंडलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे।
12वें BRICS संसदीय मंच में BRICS के 11 सदस्य देशों और 10 भागीदार देशों के प्रतिनिधिमंडलों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन का उद्देश्य सुगमता, नवाचार, सहयोग और स्थिरता पर आधारित संवाद को बढ़ावा देना है।
मंच के दौरान आतंकवाद से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा। इसके अलावा, संसदीय कूटनीति, क्षमता विकास और सर्वोत्तम संसदीय प्रथाओं को साझा करने के लिए विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आयोजन की कार्यवाही की अध्यक्षता करने के साथ ही अतिथि प्रतिनिधिमंडलों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
