शिकागो में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वैश्विक निवेशकों को भारत में निवेश का न्योता दिया है। अमेरिका के शिकागो में प्रमुख निवेशकों और कारोबारी नेताओं के साथ उच्चस्तरीय बिजनेस राउंडटेबल को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत में निवेश की बढ़ती संभावनाओं को रेखांकित किया। बैठक का मुख्य विषय रहा—”मैन्युफैक्चर इन इंडिया-फॉर इंडिया एंड फॉर द वर्ल्ड।”
वित्त मंत्री ने कहा कि मजबूत घरेलू मांग, निवेश आधारित विकास, आर्थिक मजबूती, कुशल मानव संसाधन और तेजी से विकसित हो रहा डिजिटल एवं भौतिक इंफ्रास्ट्रक्चर भारत की प्रमुख ताकत हैं। उन्होंने वैश्विक कंपनियों से भारत को केवल एक बड़े बाजार के रूप में नहीं, बल्कि लंबे समय के लिए उत्पादन और संचालन के केंद्र के तौर पर देखने का आह्वान किया।
निर्मला सीतारमण ने डिजिटल और एआई क्षेत्र में भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का उल्लेख किया। उन्होंने आधार, यूपीआई, डिजिलॉकर, ओएनडीसी और इंडिया स्टैक के साथ-साथ एआई, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर में निवेश के अवसरों को रेखांकित किया। वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में उन्होंने GIFT IFSC को वैश्विक पूंजी और भारतीय अवसरों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
