केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सार्वजनिक प्रशासन में सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता को बढ़ावा देने तथा निवारक सतर्कता के माध्यम से सतर्कता-जागरूकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दिनांक 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक तीन माह का निवारक सतर्कता अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कोयला भवन मुख्यालय में बीसीसीएल के तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान-2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (Probity for Prosperity) है। अभियान के दौरान लंबित शिकायतों एवं मामलों के समयबद्ध निपटारे, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों, डिजिटल पहलों तथा संविदा प्रबंधन सहित पाँच प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यक्रम में सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्रीमती दीप्ति पटेल, महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री एन.के. ठाकुर, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण/विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष तथा अन्य अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक स्वागत, सामूहिक दीप-प्रज्ज्वलन एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात कोल इंडिया गीत प्रस्तुत किया गया। सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने इसके उपरांत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। स्वागत संबोधन में मुख्य सतर्कता अधिकारी श्रीमती दीप्ति पटेल ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसकी थीम और प्रमुख फोकस क्षेत्रों पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि सत्यनिष्ठा किसी संस्था की कार्यप्रणाली का केवल एक मूल्य नहीं, बल्कि उसके विश्वास और दीर्घकालिक सफलता की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सतर्कता किसी एक विभाग अथवा अधिकारी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अपने दैनिक कार्यों में ईमानदारी, निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही को व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

सीएमडी ने कहा कि संगठन में भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक स्तर पर लिए जाने वाले निर्णय नियमों, निर्धारित प्रक्रियाओं और नैतिक मूल्यों के अनुरूप हों। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी का व्यक्तिगत आचरण संगठन की प्रतिष्ठा को प्रभावित करता है और इसलिए ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की भावना को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि सतर्कता एवं पारदर्शिता सुचारु और उत्तरदायी संचालन की आधारशिला हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आग्रह किया। निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार ने वित्तीय अनुशासन, पारदर्शी प्रक्रियाओं और जवाबदेही को संगठनात्मक सुशासन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सत्यनिष्ठा को दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान-2026 के कैलेंडर तथा कंपनी के सतर्कता जागरूकता अभियान गीत ‘सच्चे सिपाही’ का लोकार्पण किया। गीत की रचना उप प्रबंधक (खनन) श्री कुमार अभिषेक द्वारा की गई है। कार्यक्रम के समापन सत्र में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्लेज बोर्ड पर हस्ताक्षर कर सतर्कता एवं सत्यनिष्ठा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

विदित हो कि अभियान के क्रम में कल दिनांक 17 अगस्त 2026 को कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में सत्यनिष्ठा की शपथ तथा शपथ-पत्र/हस्ताक्षर अभियान आयोजित किए गए थे। इसी क्रम में आज गोविंदपुर क्षेत्र एवं कल्याण भवन, एचआरडी में सत्यनिष्ठा की शपथ तथा हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया।

अभियान के अंतर्गत कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में आगामी तीन माह के दौरान सतर्कता कार्यशालाएं, उद्योग-संस्थान संवाद, विभिन्न प्रतियोगिताएं, शिकायत निवारण शिविर एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनका उद्देश्य संगठन में निवारक सतर्कता, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सत्यनिष्ठा आधारित कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देना है। अभियान के दौरान केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा निर्धारित क्षमता निर्माण, डिजिटल पहल और संविदा प्रबंधन सहित अन्य निवारक सतर्कता गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन श्री शादाब अहमद, वरिष्ठ प्रबंधक (खनन/सतर्कता) द्वारा किया गया।