भारत सरकार और कोयला मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ (एनएमबीए) की छठी वर्षगांठ के अवसर पर आज कोयला भवन मुख्यालय में ‘नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ राष्ट्रीय सामूहिक संकल्प/शपथ’ कार्यक्रम के अंतर्गत शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को नशे से दूर रहने तथा नशा-मुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता एवं सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री कुमार मनोज, महाप्रबंधक (समन्वय) श्री अरिंदम मुस्तफी, विभागाध्यक्ष (प्रशासन) श्री मनीष मिश्रा सहित कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत जीवन को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, कार्यस्थल और व्यापक समाज पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ, सशक्त और उत्पादक समाज के निर्माण के लिए युवाओं सहित प्रत्येक नागरिक का नशे से दूर रहना आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के समुदाय में भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाएं।
विदित हो कि केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा देश में नशीले पदार्थों की मांग को कम करने के उद्देश्य से 15 अगस्त 2020 को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ (एनएमबीए) की शुरुआत की गई थी। नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध सामूहिक रूप से तत्काल एवं प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय द्वारा इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न पहलों का समन्वय किया जा रहा है।
अभियान के तहत अब तक देशभर में संचालित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से करोड़ो नागरिकों तक पहुंच बनाई जा चुकी है। सामुदायिक भागीदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से 1.25 लाख से अधिक ‘नशा मुक्ति मित्र’ (एनएमएम) भी इस अभियान से जुड़े हैं।
कोयला भवन मुख्यालय में आयोजित यह सामूहिक शपथ कार्यक्रम नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नशा-मुक्त समाज के निर्माण के प्रति बीसीसीएल की एक महत्वपूर्ण पहल रहा।


