भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में ब्रिक्स परिवहन मंत्रियों की तीसरी बैठक आज महाराष्ट्र के नागपुर में शुरू होगी। इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इसमें परिवहन क्षेत्र, बुनियादी ढांचे जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। यह बैठक इस महीने की 11 और 12 तारीख को नागपुर शहर में आयोजित की जा रही है।

यह बैठक भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की थीम – “बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी – के तहत आयोजित की जा रही है। यह थीम तकनीकी नवाचार और बेहतर कनेक्टिविटी के माध्यम से समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए ब्रिक्स देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी इस महीने की 11 तारीख को ब्रिक्स परिवहन मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

रूस और ब्राज़ील द्वारा आयोजित ट्रांसपोर्ट वर्किंग ग्रुप की पहली दो महत्वपूर्ण बैठकों के बाद, इस तीसरी बैठक का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय परिवहन सहयोग को और मजबूत करना है।

दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक में, वरिष्ठ अधिकारी रूस और ब्राज़ील की अध्यक्षता के दौरान परिवहन सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसमें परिवहन क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाए जा रहे बेहतरीन तरीकों का आदान-प्रदान करेंगे और सहयोग के नए क्षेत्रों पर चर्चा करेंगे। इन क्षेत्रों में सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल, शहरी मोबिलिटी, मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट, मजबूत लॉजिस्टिक्स सप्लाई चेन, डीकार्बोनाइज़ेशन और AI-आधारित तकनीकों को अपनाना शामिल है।