बेंगलुरु में आयोजित प्रतिष्ठित ऑल इंडिया सब-जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में गिरिडीह के खिलाड़ी राजवीर डी. ने अपने जोड़ीदार संबित रमेश के साथ अंडर-15 डबल्स वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल कर गिरिडीह और झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
इस उपलब्धि पर गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव ने दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल दोनों खिलाड़ियों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास से प्राप्त यह उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
