14वीं जेपीएससी पीटी रिजल्ट विवाद: जेएलकेएम ने राज्यपाल से की मुलाकात, सीबीआई जांच और मुख्य परीक्षा स्थगन की मांग I

14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा-2025 के परिणाम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा, जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष और छात्र आंदोलनकारी नेता देवेंद्र नाथ महतो ने लोकभवन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर परीक्षा परिणाम में कथित अनियमितताओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। 

देवेंद्र नाथ महतो ने राज्यपाल को जेपीएससी पीटी परीक्षा परिणाम से जुड़ी अभ्यर्थियों की समस्याओं और कथित गड़बड़ियों से अवगत कराया। उन्होंने मांग की कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा की पूरी चयन प्रक्रिया की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय सीबीआई या सक्षम एजेंसी से जांच कराई जाए।  देवेन्द्र नाथ महतो ने आरोप लगाया कि परीक्षा परिणाम जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई।

उन्होंने आयोग द्वारा जारी परिणाम में संवैधानिक सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं होने और श्रेणीवार कट-ऑफ अंक सार्वजनिक नहीं किए जाने के मामले की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र तैयार करने और मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की लड़ाई किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित कराने को लेकर है।

उन्होंने बताया कि राज्यपाल ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और ज्ञापन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।  इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में रांची जिला अध्यक्ष गुणा भगत, महानगर अध्यक्ष संजय महतो, केंद्रीय सचिव विराट महतो और केंद्रीय संगठन महासचिव मनीष साहू मौजूद रहे।  बाइट- देवेन्द्र नाथ महतो, नेता, जेएलकेएम I