बीसीसीएल के लोदना क्षेत्र में आज कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सुरक्षा शपथ ग्रहण एवं सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सभी कर्मियों को सुरक्षित कार्य व्यवहार के प्रति प्रेरित करने पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत लोदना उत्पादन क्षेत्र सहित क्षेत्र की विभिन्न इकाइयों में सुरक्षा से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) को साझा किया गया, जिससे कार्यस्थल पर सुरक्षा प्रोटोकॉल के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री अनिल कुमार सिन्हा एवं प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री अरिंदम कुंडू द्वारा उपस्थित सुरक्षा कर्मियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाई गई। साथ ही, अवर प्रबंधक श्री परवेज आलम एवं प्रबंधक (खनन) श्री अजित कुमार यादव द्वारा सुरक्षा संबंधी SOP पर विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए कर्मियों को व्यवहारिक स्तर पर सुरक्षा उपायों के पालन हेतु जागरूक किया गया।

सुरक्षा रैली के माध्यम से कर्मियों को ‘सुरक्षा प्रथम’ के संदेश के प्रति प्रेरित किया गया तथा यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया कि प्रत्येक कार्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही संपादित हो।

बीसीसीएल द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन नियमित रूप से किया जाता है, जिससे शून्य दुर्घटना (Zero Accident) के लक्ष्य की दिशा में सतत प्रगति सुनिश्चित की जा सके तथा सुरक्षित एवं स्वस्थ कार्य वातावरण का निर्माण हो।