बीसीसीएल द्वारा आयोजित ई-नीलामी (e-Auction) प्रक्रिया को बाजार से बेहद उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। विभिन्न तिथियों पर आयोजित नीलामियों के माध्यम से कुल 8,23,500 टन कोयले की बुकिंग दर्ज की गई है, जो उपभोक्ताओं की मजबूत मांग एवं विश्वास को दर्शाता है।

ई-नीलामी के अंतर्गत कैश बैक डिस्काउंट ऑफर भी प्रदान किया गया, जिसके तहत वास्तविक उठाव (actual lifting) के आधार पर ₹600 प्रति टन तक की छूट दी जा रही है। इस पहल ने उपभोक्ताओं की भागीदारी को और अधिक बढ़ावा दिया है।

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 18 मार्च से 02 अप्रैल के बीच आयोजित नीलामियों में रेल एवं सड़क मार्ग से कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए क्रमशः 6,72,000 टन (रेल) एवं 1,51,500 टन (सड़क) का आवंटन किया गया, जिससे कुल 8,23,500 टन का आंकड़ा प्राप्त हुआ।

बीसीसीएल द्वारा आगामी 07 अप्रैल को आयोजित होने वाली ई-नीलामी में अतिरिक्त 2 लाख टन कोयले की बुकिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान बाजार संकेतकों एवं पूर्व की नीलामियों की सफलता को देखते हुए इस लक्ष्य के प्राप्त होने की पूर्ण संभावना है।

यह उपलब्धि न केवल बीसीसीएल की सुदृढ़ विपणन रणनीति को दर्शाती है, बल्कि देश में ऊर्जा क्षेत्र की बढ़ती मांग एवं औद्योगिक गतिविधियों में तेजी का भी संकेत देती है। कंपनी द्वारा पारदर्शी, प्रतिस्पर्धात्मक एवं उपभोक्ता-अनुकूल नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से कोयले की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

बीसीसीएल भविष्य में भी ऐसी उपभोक्ता-अनुकूल पहलों के माध्यम से कोयले की निर्बाध एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उल्लेखनीय है कि गुणवत्ता एवं परिचालन उत्कृष्टता की दिशा में भी बीसीसीएल निरंतर महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है। हाल ही में कंपनी के विभिन्न परिचालन क्षेत्रों की कुल 12 प्रयोगशालाओं को नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेट्रीज़ (एनएबीएल) से मान्यता प्राप्त हुई है, जिससे कोयला गुणवत्ता जांच की विश्वसनीयता, सटीकता एवं मानकीकरण को और सुदृढ़ किया गया है।

इसी क्रम में, 31 मार्च को बीसीसीएल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का अब तक का सर्वाधिक एकल-दिवसीय प्रेषण दर्ज करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया, जिसमें 1,85,302 टन कच्चे कोयले का ऑफ-टेक तथा 2,27,152 टन कुल प्रेषण (वॉशरी उत्पाद सहित) के साथ 51 रेक्स का प्रेषण सुनिश्चित किया गया।

बीसीसीएल कोयले की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा बेहतर एवं त्वरित कोयला प्रेषण के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में अपनी सक्रिय भूमिका हेतु समर्पित है।