झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक श्री राज सिन्हा ने आज भूली ई-ब्लॉक स्थित अटल स्मृति पार्क पहुँचकर आगामी 25 दिसंबर को भारत रत्न, देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्मशताब्दी के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का अवलोकन किया।
इस दौरान विधायक राज सिन्हा ने प्रस्तावित कार्यक्रमों, आवश्यक व्यवस्थाओं एवं अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर उपस्थित कार्यकर्ता साथियों के साथ विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की। उन्होंने कार्यक्रम को अनुशासित, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण है। अटल जी के विचार और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। जन्मशताब्दी वर्ष में उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटें, ताकि 25 दिसंबर का आयोजन ऐतिहासिक एवं स्मरणीय बन सके।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता, सत्येंद्र ओझा, सुमन सिंह, बबलू सिंह, ललन मिश्रा, विष्णु सिंह इंद्रकांत झा, प्रयाग रविदास सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
