रोटरी क्लब ऑफ धनबाद द्वारा संचालित दिव्यांग़ बच्चों का विशेष विद्यालय जीवन ज्योति में समर्थनम् ट्रस्ट फॉर डिसेबल्ड, बेंगलुरु के द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों को विज्ञान विषय की प्रायोगिक ज्ञान प्रदान करने हेतु साइंस लैब का निर्माण कराया गया है जिसका आज विधिवत उद्घाटन समर्थनम् ट्रस्ट फॉर डिसेबल्ड के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री लोकेश कुमार एवं रोटरी क्लब के जिलापाल श्रीमती अनु नारंग जी के कर कमलों से सम्पन्न हुआ।

श्री लोकेश कुमार जी ने सभी को बताया कि हमारी संस्था के द्वारा पूरे भारत में कुछ चुनिंदा विशेष विद्यालय में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में यह साइंस लैब की स्थापना की गई है ताकि यहाँ पढ़ रहे दिव्यांग बच्चों विशेष रूप से मूक वधिर बच्चों में विज्ञान विषय के प्रति रुचि एवं विषय वस्तु को प्रायोगिक रूप से उन्हें समझने में सहायता प्राप्त हो सके एवं भविष्य में वे भी विज्ञान के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को संवार सके। जीवन ज्योति के सचिव श्री राजेश परकेरिया एवं प्राचार्या अपर्णा दास जी ने समर्थनम् ट्रस्ट फॉर डिसेबल्ड को उनके इस अतुलनीय सहयोग के लिए उनका धन्यवाद ज्ञापन किया एवं बच्चों के द्वारा निर्मित बुके तथा पेंटिंग दे कर उन्हें सम्मानित किया।

इसके साथ ही आज आशाएँ महिला संगठन की ओर से विद्यालय में राखी उत्सव का आयोजन किया गया। आशाएँ महिला संगठन की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता साव, श्रीमती हीना, डिम्पल, तन्वी एवं उपासना जी ने सभी बच्चों को राखी बांध कर उन्हें अपना आशीर्वाद प्रदान किया। आज आशाएं महिला संगठन की ओर से विद्यालय प्रांगण में विक्षारोपण किया गया।जीवन ज्योति की प्राचार्या सुश्री अपर्णा दास जी ने इस मौके पर सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि हम हर त्योहार अपने विशेष बच्चों के साथ मनाते हैं। आज बच्चों को आशाएं ग्रुप की ओर से स्वादिष्ट व्यंजन परोसा गया।

आज के कार्यक्रम में समर्थनम् ट्रस्ट फॉर डिसेबल्ड के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री लोकेश कुमार, कॉर्डिनेटर हृदय रंजन पॉल , रोटरी क्लब की जिलापाल श्रीमती अनु नारंग, रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के सचिव गौरव सर्राफ, जीवन ज्योति के सचिव श्री राजेश परकेरिया, अपर्णा दास, दीपा गोयल, स्वाति सिंह, एवं जीवन ज्योति विशेष विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित थे।