इससे पहले मंगलवार को सेंसेक्स 446.93 अंक या 0.55 फीसदी बढ़कर 81,337.95 पर बंद हुआ। निफ्टी 140.20 अंक या 0.57 फीसदी चढ़कर 24,821.10 अंक पर बंद हुआ। अब जानते हैं आज का हाल…
दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में भारी खरीदारी के बीच बुधवार को बेंचमार्क इक्विटी सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी ने सकारात्मक रुख के साथ शुरुआत करते दिखे। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 256.57 अंक चढ़कर 81,594.52 पर पहुंच गया, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 69.3 अंक बढ़कर 24,890.40 पर पहुंच गया।
किसे फायदा-किसे नुकसान?
सेंसेक्स की कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में चार प्रतिशत से अधिक की उछाल आई, क्योंकि इस प्रमुख बुनियादी ढांचा क्षेत्र की कंपनी ने जून तिमाही के दौरान मजबूत विदेशी ऑर्डर वृद्धि की वजह से समेकित शुद्ध लाभ में 29.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की और 3,617.19 करोड़ रुपये की छलांग लगाई। भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी और बजाज फिनसर्व भी फायदे में रहीं। हालांकि, टाटा मोटर्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इटरनल और इंफोसिस के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 4,636.60 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
एशियाई और अमेरिकी बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 225 सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी और शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक सकारात्मक दायरे में रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.01 प्रतिशत गिरकर 72.50 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
भारत-अमेरिका व्यापार मोर्चे पर नकारात्मक खबरें बाज़ार पर सबसे बड़ी बाधा बनी हुई हैं। जियोजित इंवेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, ‘राष्ट्रपति ट्रंप की यह टिप्पणी कि भारत को 20-25 प्रतिशत टैरिफ देना पड़ सकता है, अल्पकालिक बाजार के दृष्टिकोण से बेहद नकारात्मक है। लगातार सातवें कारोबारी दिन नकद बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली बाजार के लिए एक और प्रतिकूल स्थिति है। ब्रेंट क्रूड का 72 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचना भी एक और नकारात्मक पहलू है।’
