अपनी औलाद को सफल होते देखना हर किसी पिता के लिए एक गर्व की बात होती है। आलिया भट्ट को देखकर निर्देशक महेश भट्ट इसी गर्व को महसूस करते हैं। जानिए उन्होंने आलिया को लेकर क्या कुछ कहा।

बॉलीवुड के निर्देशक महेश भट्ट ने बेटी आलिया भट्ट की जमकर की तारीफ की है। साथ ही महेश भट्ट ने आलिया भट्ट को एक सेल्फ मेड गर्ल और स्टार बताया है। उन्होंने रणबीर कपूर को लेकर भी बात की।

मैंने नहीं किया आलिया को लॉन्च
हिमांशु मेहता के शो  में बातचीत के दौरान महेश भट्ट ने कहा कि मैंने आलिया को फिल्म इंडस्ट्री में लॉन्च नहीं किया, बल्कि करण जौहर ने किया था। आलिया ने खुद ऑडिशन दिया था और निर्माताओं को यह बहुत पसंद आया। मुझे तो आलिया में कभी कोई एक्टिंग स्किल भी नहीं दिखीं। लेकिन आज मुझे खुशी है कि उन्होंने अपनी दम पर सब कुछ हासिल किया है और वो एक सेल्फ मेड स्टार और लड़की है।

आलिया को जोखिम उठाना पसंद है
आगे आलिया की तारीफ करते हुए महेश भट्ट ने कहा कि आलिया को अपनी फिल्मों में जोखिम उठाना पसंद है। यह बात मुझे हमेशा हैरान करती है। उसने अलग-अलग कहानियों में मोड़ लिए हैं। वह एक मेहनती इंसान हैं और वो अपनी जिंदगी में बहुत कुछ करना चाहती हैं।

रणबीर के बारे में महेश भट्ट ने की बात
बातचीत के दौरान दामाद रणबीर कपूर के बारे में बात करते हुए निर्देशक ने कहा कि रणबीर ने एक बार मुझसे कहा था कि आलिया अलग चीजों से बनी हैं। रणबीर ने कहा था कि आलिया ज्यादा से ज्यादा करने को तैयार रहती है। वो एक महत्वाकांक्षी लड़की है और ये बात मुझे हैरान करती है। महेश भट्ट ने कहा कि आलिया एक बहुत ही आरामपसंद और सहज इंसान हैं और बस बहुत कुछ करना चाहती हैं।

राहा के बाद आलिया में आया बदलाव
एक पिता के तौर पर महेश भट्ट ने बताया कि बेटी राहा को जन्म देने के बाद आलिया काफी बदल गई है। 2022 में राहा के जन्म के बाद आलिया एक बड़े परिवर्तन से गुजरी हैं। मुझे उनमें एक नई गहराई दिखाई देती है। बेटी जब मां बनने वाली है, तो वह उसमें एक अलग तरह की परिपक्वता देख सकते हैं। 

‘अल्फा’ में नजर आएंगी आलिया
वर्कफ्रंट की बात करें आलिया भट्ट जल्द ही यशराज की स्पाई यूनिवर्स की फिल्म ‘अल्फा’ में नजर आएंगी। इस फिल्म को इसी साल रिलीज होना है। इसके अलावा आलिया संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर भी चर्चाओं में हैं। इसमें उनके साथ विक्की कौशल और पति रणबीर कपूर भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।