भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा जारी किए गए वीडियो में राहुल ने कहा कि वह जानते हैं कि काउंटी क्रिकेट खेलते समय करुण को किन संघर्षों का सामना करना पड़ा क्योंकि उन्हें अपने परिवार से दूर रहना पड़ा था।

भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल ने इंग्लैंड दौरे से लंबे समय बाद वापसी कर रहे करुण नायर के संघर्ष को सराहा। करुण को सात साल बाद भारत के लिए खेलने का मौका मिला है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया जिसके बाद उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में जगह मिली है। करुण ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ अनौपचारिक मुकाबले में दोहरा शतक भी लगाया था।

माना जा रहा है कि करुण को 20 जून से शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए प्लेइंग-11 में मौका मिल सकता है। राहुल ने अपने करीबी दोस्त करुण के लिए विशेष संदेश दिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा जारी किए गए वीडियो में राहुल ने कहा कि वह जानते हैं कि काउंटी क्रिकेट खेलते समय करुण को किन संघर्षों का सामना करना पड़ा क्योंकि उन्हें अपने परिवार से दूर रहना पड़ा था। 

राहुल बोले- करुण की वापसी खास
राहुल ने कहा कि 33 वर्षीय करुण की टीम में वापसी उनके, उनके परिवार और दोस्तों के लिए खास है। भारतीय बल्लेबाज को उम्मीद है कि इंग्लैंड में करुण का अनुभव दौरे के दौरान उनके काम आएगा। राहुल ने कहा, मैं उन्हें बहुत लंबे समय से जानता हूं और उन्होंने यहां इंग्लैंड में क्रिकेट खेलते हुए जो महीने बिताए, वह कितना कठिन और कितना अकेला था और उनके लिए यह सब कर पाना और भारतीय टीम में वापस आना कितना खास है। मुझे लगता है कि यह उनके लिए, उनके परिवार के लिए और हमारे जैसे दोस्तों के लिए खास है, जिन्होंने उनका सफर देखा है। इसलिए, जैसा कि मैंने कहा यह बहुत प्रेरणादायक भी है और उम्मीद है कि काउंटी क्रिकेट खेलने से उनका अनुभव और उनकी सीख उन्हें टेस्ट मैच खेलने में मदद करेगी।

मौका भुनाने के लिए तैयार करुण
करुण ने इसी वीडियो में कहा कि एक बार फिर मौका मिलना उनके लिए विशेष अनुभव है और वह इसे दोनों हाथों से भुनाने के लिए उत्सुक हैं। करुण ने कहा, यह वाकई बहुत खास है, बहुत आभारी हूं और बहुत भाग्यशाली हूं कि मुझे यह अवसर फिर से मिल रहा है। मैं इस अवसर को दोनों हाथों से भुनाने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मुझे लगता है कि मुझे खुद उस भावना का अनुभव करना होगा और वहां जाकर खुद के लिए इसे महसूस करना होगा और मुझे यकीन है कि बहुत सारी भावनाएं होंगी, जिन्हें मैं अभी व्यक्त नहीं कर सकता और यह एक विशेष भावना होगी।