आमिर खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। फिल्म में कलाकारों से लेकर रिलीज डेट तक उठा पर्दा।
बॉलीवुड एक्टर आमिर खान की आगामी फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ को लेकर काफी समय से सोशल मीडिया पर चर्चा बनी हुई है। आज फिल्म की स्टार कास्ट से लेकर फिल्म की रिलीज डेट से भी पर्दा उठा दिया गया है, जिसकी जानकारी खुद आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस ने सोशल मीडिया पर शेयर की है।
‘सितारे जमीन पर’ का पहला पोस्टर
आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस ने आज ही इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें आमिर खान की शानदार तस्वीर के साथ फिल्म की पूरी स्टार कास्ट नजर आ रही है। इस पोस्टर में आमिर व्हाइट टी-शर्ट में हमेशा ही तरह हैंडसम दिख रहे हैं। वहीं उनकी टी-शर्ट पर एक बास्केट बॉल और हूप की तस्वीर भी बनी है।
इस पोस्टर पर लिखा है ‘सितारे जमीन पर’… सबका अपना अपना नॉर्मल…. इसके साथ ही आमिर की एक और तस्वीर भी दिखाई दे रही है, जिसमें वह एक स्टूल पर बैठे हैं और उनका एक हाथ बास्केट बॉल के सहारे सिर पर रखा है।
आमिर के आस-पास कई लोग नजर आ रहे हैं और विक्ट्री का साइन बनाए हुए हैं। इस पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा, ‘प्यार, हंसी और खुशी का जश्न मनाती एक फिल्म। 20 जून को केवल सिनेमाघरों में।’
10 नए चेहरों को लॉन्च करेंगे आमिर
2007 की सुपरहिट फिल्म ‘तारे जमीन पर’ का सीक्वल है ‘सितारे जमीन पर’। ‘सितारे जमीन पर’ का पहला पोस्टर देखते ही फैंस में फिल्म को लेकर उत्साह और अधिक बढ़ गया है। यह फिल्म 20 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पोस्टर में आमिर खान के साथ 10 नए चेहरे भी नजर आए, जिससे साफ है कि फिल्म की कहानी से लेकर स्टार कास्ट भी अनोखी होगी। इन 10 एक्टर्स में अरूष दत्ता, गोपी कृष्ण वर्मा, सम्वित देसाई, वेदांत शर्मा, आयुष भंसाली, आशीष पेंडसे, ऋषि शाहानी, ऋषभ जैन, नमन मिश्रा और सिमरन मंगेशकर शामिल हैं।
