कमिंस टखने की चोट से भी जूझ रहे हैं और उन्होंने अभी तक अभ्यास शुरू नहीं किया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उनके टखने की समस्या बढ़ गई थी।

ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने खुलासा किया है कि टीम के कप्तान और तेज गेंदबाज पैट कमिंस की 19 फरवरी से शुरू होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पूरी तरह फिट होने की बहुत कम संभावना है।

अगर ऐसा होता है तो ऑस्ट्रेलियाई टीम को दूसरा बड़ा झटका लगेगा। टीम के उपकप्तान मिचेल मार्श पहले ही चोट की वजह से बाहर हो चुके हैं। अगर कमिंस समय पर फिट नहीं होते तो फिर स्टीव स्मिथ या ट्रेविस हेड में से किसी को ऑस्ट्रेलिया की कमान सौंपी जा सकती है।

कमिंस टखने में चोट की समस्या से जूझ रहे

अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण श्रीलंका में टेस्ट सीरीज में नहीं खेलने वाले कमिंस टखने की चोट से भी जूझ रहे हैं और उन्होंने अभी तक अभ्यास शुरू नहीं किया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उनके टखने की समस्या बढ़ गई थी।

आईसीसी ने एसईएन रेडियो पर मैकडोनाल्ड के हवाले से कहा, ‘पैट कमिंस किसी भी तरह से गेंदबाजी फिर से शुरू करने में सक्षम नहीं हैं। इसलिए उनकी चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने की संभावना बहुत कम है। इसका मतलब है कि हमें एक कप्तान की जरूरत है।’

स्मिथ या हेड, कौन करेगा कप्तानी?

उन्होंने कहा, ‘जब हम पैट (कमिंस) के साथ स्वदेश में चैंपियंस ट्रॉफी की टीम को लेकर चर्चा कर रहे थे तब स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड दो ऐसे खिलाड़ी थे जिनसे हम बातचीत कर रहे थे। कप्तानी के लिए हमारी इन दोनों पर नजर है।’ श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कमिंस की अनुपस्थिति में स्मिथ ने टीम की कमान संभाली थी।

कमिंस की गैरमौजूदगी में मार्श को कमान सौंपी जा सकती थी, लेकिन वह खुद ही बाहर हो चुके हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अब तक मार्श के रिप्लेसमेंट का एलान नहीं किया है। टीम में बदलाव करने की आखिरी तारीख 12 फरवरी है।

दो बार चैंपियंस ट्रॉफी जीत चुका है ऑस्ट्रेलिया

चैंपियंस ट्रॉफी का यह नौवां संस्करण है। ऑस्ट्रेलियाई टीम दो बार इसकी विजेता रह चुकी है। कंगारुओं ने 2006 और 2009 में यह टूर्नामेंट जीता था। 2006 में उसने फाइनल में वेस्टइंडीज और 2009 में न्यूजीलैंड को हराया था। इस टीम को ग्रुप-बी में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और अफगानिस्तान के साथ रखा गया है।

ऑस्ट्रेलिया का पहला मुकाबला 22 फरवरी को लाहौर में इंग्लैंड से है। वहीं, 25 फरवरी को टीम दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। 28 फरवरी को ऑस्ट्रेलियाई टीम अफगानिस्तान से लाहौर में भिड़ेगी।

चैंपियंस ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम इस प्रकार है.

पैट कमिंस (कप्तान/चोटिल), एलेक्स कैरी, नाथन एलिस, आरोन हार्डी, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू शॉर्ट, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, एडम जैम्पा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *