इससे पहले बीते हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को सेंसेक्स 501.51 अंक या 0.61 प्रतिशत गिरकर 81,757.73 पर बंद हुआ था। निफ्टी 143.05 अंक या 0.57 प्रतिशत गिरकर 24,968.40 पर बंद हुआ था। अब जानते हैं आज का हाल.

शुरुआती कारोबार में सोमवार को बेंचमार्क इक्विटी सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, आईसीआईसीआई और एचडीएफसी बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में खरीदारी से बाजार शुरुआती नुकसान की भरपाई करने में कामयाब रहा।

शुरुआती कारोबार में सकारात्मक शुरुआत के बावजूद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 148.68 अंक गिरकर 81,609.05 पर आ गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 67.55 अंक गिरकर 24,900.85 पर आ गया। बाद में दोनों बेंचमार्क सूचकांकों में तेजी लौटी और वे हरे निशान में कारोबार करते दिखे। बीएसई बेंचमार्क 181.30 अंक बढ़कर 81,944.67 पर और निफ्टी 36.75 अंक बढ़कर 25,009.10 पर कारोबार कर रहा था।

आईसीआईसीआई और एचडीएफसी बैंक का हाल
सेंसेक्स की कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक के शेयर में दो प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। कंपनी ने जून तिमाही में अपने समेकित शुद्ध लाभ में 15.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 11,696 करोड़ रुपये की तुलना में 13,558 करोड़ रुपये रहा। ऐसे ही एचडीएफसी बैंक भी दो प्रतिशत से अधिक चढ़ा, जबकि कंपनी ने जून 2025 तिमाही के लिए अपने समेकित शुद्ध लाभ में 1.31 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की।

किसे फायदा-किसे नुकसान?
टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, इटरनल और बजाज फाइनेंस भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। हालांकि, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज पिछड़ते दिखाई दिए। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 374.74 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, ‘आने वाले दिनों में बाजार जिस सबसे महत्वपूर्ण कारक पर ध्यान केंद्रित करेगा, वह अमेरिका और भारत के बीच व्यापार वार्ता का परिणाम होगा।

यदि दोनों देशों के बीच भारत पर 20 फीसदी से कम टैरिफ दर के साथ एक अंतरिम व्यापार समझौता हो जाता है, तो यह बाजार के दृष्टिकोण से सकारात्मक होगा। सप्ताहांत की पहली तिमाही के नतीजे अच्छे रहे, जिसमें आईसीआईसीआई बैंक ने सबसे अच्छे आंकड़े दर्ज किए। एचडीएफसी बैंक ने भी स्थिर आंकड़े दर्ज किए।’ 

एशियाई और अमेरिकी बाजारों का हाल 
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत बढ़कर 69.40 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।