भारत में EV तकनीक की रफ्तार भले ही तेज हो रही हो, लेकिन इस बीच CNG कारों की डिमांड भी रिकॉर्ड तोड़ रही है। कम खर्चीली, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल CNG कारें अब पर्सनल सेगमेंट में भी तेजी से पॉपुलर हो रही हैं।

भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों का जोर-शोर से प्रचार किया जा रहा है। कार-बाइक बनाने वाली लगभग हर कंपनी अपने पोर्टफोलियों में इलेक्ट्रिक वाहन को शामिल कर चुकी है। हालांकि, इन कोशिशों के बीच CNG कारों की मांग में भी जबरदस्त इजाफा देखा जा रहा है।

एक तरफ जहां EV की कीमत और रेंज को लेकर चिंता बनी हुई है, वहीं CNG कारें किफायती और भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरी हैं। यही वजह है कि Maruti Suzuki, Tata Motors और Hyundai जैसे दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनियों के साथ Renault, Nissan और Toyota भी अब CNG सेगमेंट में तेजी से अपने मॉडल उतार रही हैं।

2024 में 35% की ग्रोथ से इन कंपनियों ने मारी बाजी
2024 कैलेंडर ईयर में CNG पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट ने 35% की रिकॉर्ड तोड़ ग्रोथ दर्ज की। Maruti Suzuki ने अकेले ही 15 सीएनजी मॉडल के साथ 5 लाख से ज्यादा यूनिट्स बेचीं, जो इस सेगमेंट में 71.60% की मार्केट शेयर के साथ नंबर वन बनी रही। दूसरी ओर, Tata Motors ने 1.15 लाख से ज्यादा यूनिट्स बेचीं और 16.13% मार्केट शेयर हासिल किया। Hyundai और Toyota ने क्रमश: 71,811 और 15,815 यूनिट्स बेचीं, जबकि Tata ने सबसे ज्यादा 77% की ग्रोथ दर्ज की।

FY25 में और भी बढ़ी मांग
वित्त वर्ष 2025 में Maruti Suzuki की CNG कारों की बिक्री 6.2 लाख यूनिट्स तक पहुंच गई, जो कि 28% की ग्रोथ है। कंपनी के अनुसार, हर तीन में से एक Maruti कार अब CNG पर चल रही है। वहीं, Tata Motors ने FY25 में 1.39 लाख CNG कारें बेचीं, जो पिछले साल के मुकाबले 35% ज्यादा है।