सट्टेबाजी ऐप मामले में अभिनेता प्रकाश राज प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश हुए हैं। वह 29 आरोपियों में से एक हैं।

साउथ के जाने माने अभिनेता प्रकाश राज ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के कथित अवैध प्रचार के सिलसिले में 30 जुलाई को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए। हैदराबाद में साइबराबाद पुलिस की तरफ से दर्ज की गई एक प्राथमिकी के आधार पर दर्ज किए गए मामले में 29 हस्तियों में उनका नाम भी शामिल है।

2016 का है मामला
एफआईआर में कई अभिनेताओं और प्रभावशाली लोगों पर ऑनलाइन विज्ञापनों के जरिए सट्टेबाजी ऐप्स का प्रचार करने का आरोप लगाया गया है। प्रकाश राज कथित तौर पर ‘जंगली रमी’ नाम के एक गेमिंग ऐप से जुड़े थे, जिसका उन्होंने 2016 में प्रचार किया था। हालांकि, अभिनेता ने स्पष्ट किया है कि 2017 में यह एहसास होने के बाद कि यह गलत था, उन्होंने इस विज्ञापन से हाथ खींच लिया। इसके बाद से उन्होंने किसी भी गेमिंग ऐप का प्रचार नहीं किया है।

केस से जुड़े हैं कई कलाकार के नाम
ईडी मशहूर हस्तियों से जुड़े वित्तीय लेनदेन और डिजिटल लेनदेन की जांच कर रहा है। तलब किए गए लोगों में अभिनेता विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती, मांचू लक्ष्मी, निधि अग्रवाल, अनन्या नागल्ला और टेलीविजन एंकर श्रीमुखी शामिल हैं।