हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारतीय बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 572.07 अंक गिरकर 80,891.02 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 156.10 अंक गिरकर 24,680.90 अंक पर आ गया।
शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। कोटक महिंद्रा बैंक में भारी बिकवाली और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर अनिश्चितता के चलते प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में करीब एक प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 572.07 अंक या 0.70 प्रतिशत गिरकर 80,891.02 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 686.65 अंक या 0.84 प्रतिशत गिरकर 80,776.44 अंक पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 156.10 अंक या 0.63 प्रतिशत गिरकर 24,680.90 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल?
सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में 7.31 प्रतिशत की गिरावट आई। कंपनी ने जून तिमाही में 4,472 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया।
बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, टाइटन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक और भारतीय स्टेट बैंक भी पिछड़ने वालों में शामिल रहे। वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक और आईटीसी के शेयरों में लाभ रहा।
यूरोपीय बाजारों में दिखी बढ़त
एशियाई बाजारों में, जापान का निक्केई 225 सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में बंद हुए। यूरोप के बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।
ब्रेंट क्रूड का भाव बढ़कर 69.05 डॉलर प्रति बैरल पहुंचा
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.91 प्रतिशत बढ़कर 69.05 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,979.96 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। शुक्रवार को सेंसेक्स 721.08 अंक या 0.88 प्रतिशत गिरकर एक महीने के निचले स्तर 81,463.09 पर बंद हुआ। निफ्टी 225.10 अंक या 0.90 प्रतिशत गिरकर एक महीने के निचले स्तर 24,837 पर बंद हुआ।
