धनबाद/झारखंड : आज भगवान बिरसा मुंडा को उनकी 125 वीं पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया जा रहा है। धनबाद के ह्रदयस्थल बैंक मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर एसडीएम, नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, ट्रैफिक डीएसपी, बैंक मोड़ थाना प्रभारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
भगवान बिरसा मुंडा स्मारक समिति की ओर से पुण्यतिथि पर चौक को आकर्षक ढंग से फूलों से सजाया गया। बता दें कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ उलगुलान किया था।
उलगुलान की ही ताकत थी कि अंग्रेज उनके आगे झुके और आदिवासियों की जमीन की रक्षा के लिए छोटानागपुर टेनेंसी एक्ट लागू किया गया। वे आम लोगों के बीच इतने लोकप्रिय हुए कि उन्हें भगवान का दर्जा दिया गया।
वर्ष 2000 में झारखंड अलग राज्य बना, तो झारखंड स्थापना दिवस के लिए उनके जन्मदिवस 15 नवंबर को चुना गया।
भारत सरकार उनकी याद में डाक टिकट जारी कर चुकी है। संसद में उनकी तस्वीर लगी है। जनजातीय गौरव दिवस के रूप में इनकी जयंती घोषित की गयी है।
