नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले का आज चौथा दिन है। शनिवार का खेल 544/7 से शुरू हुआ है।
स्टोक्स का शतक
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने 165 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का 14वां शतक पूरा किया है। उनका साथ देने के लिए ब्रायडन कार्स (13) क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड ने भारत पर 235 रन की बढ़त हासिल कर ली है। स्कोर आठ विकेट पर 594 रन हो गया है।
इंग्लैंड को आठवां झटका
इंग्लैंड को आठवां झटका जसप्रीत बुमराह ने दिया। उन्होंने लियाम डॉसन को बोल्ड किया। वह 65 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए।
चौथे दिन का खेल शुरू
चौथे दिन का खेल शुरू हो गया है। बेन स्टोक्स 77 और लियाम डॉसन 21 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। आज का खेल सात विकेट पर 544 रन से शुरू हो रहा है। मेजबानों ने भारत पर 186रनों की बढ़त हासिल कर ली है।
रिटायर्ड हर्ट होकर लौटे स्टोक्स, फिर बल्लेबाजी के लिए आए
इंग्लैंड की पारी के दौरान बेन स्टोक्स रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। उन्हें बाएं पैर में क्रैम्प की शिकायत हुई, लेकिन कुछ समय बाद वह मैदान पर लौट आए। वह 134 गेंदों में छह चौके मदद से 77 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। इस दौरान जैमी स्मिथ ने नौ और क्रिस वोक्स ने चार रन बनाए। वहीं, लियाम डॉसन 52 गेंदों में दो चौके की मदद से 21 रन बनाकर मौजूद हैं। भारत के लिए रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने दो-दो विकेट झटके जबकि जसप्रीत बुमराह, अंशुल कंबोज और मोहम्मद सिराज को एक-एक सफलता मिली।
रूट बने टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज
इसके बाद बल्लेबाजी के लिए कप्तान बेन स्टोक्स ने जो रूट के साथ मोर्चा संभाला और भारत के 358 रन की बराबरी कर ली। इस दौरान जो रूट ने 178 गेंदों में भारत के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का 38वां शतक पूरा किया। वह 248 गेंदों में 150 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें रवींद्र जडेजा ने अपना शिकार बनाया। रूट टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के नाम इस प्रारूप में 13378 रन दर्ज हैं। रूट ने अब उन्हें पीछे छोड़ दिया है। उनके नाम 13379* रन दर्ज हो गए हैं। लाल गेंद प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। उन्होंने 329 पारियों में 15921 रन बनाए।
रूट और पोप ने गेंदबाजों की खबर ली
भारतीय गेंदबाजों के लिए इंग्लैंड के बल्लेबाज मुसीबत बने रहे। दिन का खेल 225/2 के स्कोर से शुरू हुआ था। ओली पोप 42 गेंदों में 20 और जो रूट 27 गेंदों में 11 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे और भारत 133 रन पीछे था। पहले सत्र में रूट और पोप ने 135 रनों की साझेदारी की और 332 रन बनाए। इसके बाद दूसरे सत्र में भारत को दिन की पहली सफलता मिली। वाशिंगटन सुंदर ने ओली पोप को केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराया। वह 71 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए जो रूट के साथ 231 गेंदों में 144 रनों की साझेदारी निभाई। इंग्लैंड को चौथा झटका वाशिंगटन सुंदर ने ही दिया। उन्होंने हैरी ब्रूक को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ तीन रन बना पाए।
बेन स्टोक्स का 14वां शतक, इंग्लैंड को भारत के खिलाफ 250+ रन की बढ़त; स्कोर 600 के पार
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले का आज चौथा दिन है। इंग्लैंड की टीम ने भारत पर 186 रन की बढ़त हासिल कर ली है और पहली पारी में सात विकेट पर 544 रन बना लिए हैं। शनिवार को भारतीय टीम के गेंदबाज मेजबानों को जल्द से जल्द आउट करना चाहेंगे।
