प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया की अपनी एतिहासिक और महत्वपूर्ण राजकीय यात्रा आधिकारिक रूप से संपन्न कर ली है। इस यात्रा ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को भविष्य के अनुरुप एक नई दिशा और मजबूत आधार प्रदान किया है। यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कूटनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंध नई उंचाईयों पर पहुंचे।
यात्रा की शुरूआत भारत-ऑस्ट्रेलिया मुख्य कार्यकारी मंच से हुई, जहां कारोबार जगत के प्रमुखों ने वर्ष 2022 के आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते से द्विपक्षीय व्यापार में 55 प्रतिशत की वृद्धि का स्वागत किया। इस गति को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज ने व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते पर वार्ता में तेजी लाने पर सहमति व्यक्त की। स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भी दोनों देशों ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। भारत को ऑस्ट्रेलिया से दीर्घकालिक यूरेनियम आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया। स्वतंत्र और मुक्त हिन्द प्रशांत क्षेत्र के लिए दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर संयुक्त घोषणा पत्र तथा समुद्री सुरक्षा सहयोग प्रारूप स्वीकार किया।
यात्रा का सबसे प्रभावशाली जनसंपर्क कार्यक्रम मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में आयोजित मेलबर्न मीट्स मोदी प्रवासी भारतीय सम्मेलन रहा, जिसमें लगभग 25 हजार लोग उपस्थित थे। प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 10 लाख भारतीय मूल के ऑस्ट्रेलियाई लोगों को दोनों देशों के बीच जीवंत सेतु बताया। प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज ने भी भारतीय समुदाय सराहना करते हुए कहा कि ये बहु-सांस्कृतिक शक्ति ऑस्ट्रेलिया की समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया में विपक्ष के नेता एंगस टेलर से भी मुलाकात की। श्री टेलर ने प्रधानमंत्री मोदी को ऑस्ट्रेलिया का सच्चा मित्र बताते हुए अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन और शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए यूरेनियम निर्यात जैसी पहलों का समर्थन किया।
यात्रा का समापन प्रतिष्ठित मेलबर्न क्रिकेट मैदान में खेल कूटनीति के ऐतिहासिक कार्यक्रम के साथ हुआ। दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग प्रारूप जारी किया जिससे खेल विज्ञान और खेल अवसंरचना के क्षेत्र में सहयोग को नई गति मिलेगी। ये पहल ऐसे समय में शुरू की गई है जब भारत 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी मे जुटा है और ऑस्ट्रेलिया 2032 के ब्रिसबेन ओलम्पिक की बेजबानी की तैयारी कर रहा है। इस अवसर पर क्रिकेट जगत के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा की गई। ऑस्ट्रेलिया की पुरूष बिग बैश लीग का उद्घाटन मैच इस वर्ष दिसंबर चेन्नई में आयोजित होगा।
