धनबाद/झारखंड : विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर धनबाद के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेन्द्र कुमार तिवारी ने सिविल कोर्ट धनबाद परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण की रक्षा का संदेश लोगों को दिया।

वीरेन्द्र कुमार तिवारी नेबागवानी व सफाई करने वाले सिविल कोर्ट के चार कर्मियों को मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया।

मीडिया से बात करते हुए न्यायाधीश श्री तिवारी ने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 21 हमें जीवन का अधिकार देता है पर ऐसा जीवन जो सम्मानजनक हो,जो स्वच्छ वायु और निर्मल जल से समृद्ध हो।

यह अधिकार तब तक अधूरा है जब तक पर्यावरण सुरक्षित नहीं। आज जब संपूर्ण विश्व विश्व पर्यावरण दिवस मना रहा है, तो यह केवल एक दिन नहीं, बल्कि एक चेतावनी है, एक पुकार है कि हम जागें, संभलें और संकल्प लें।

हम जिस धरती पर चलते हैं, जिस वायु में साँस लेते हैं, जिस जल से जीवन पाते हैं ,वह सब आज संकट में है और जब प्रकृति संकट में होती है, तो मानवता भी संकट में आ जाती है, इसलिए जिले के आज हर ब्लॉक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा पौधरोपण का कार्यक्रम भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हमे कानून को केवल दंड का उपकरण नहीं, बल्कि चेतना का प्रकाश भी मानना चाहिए। हम पर्यावरण कानूनों को केवल पुस्तकों में न पढ़ें उन्हें अपने जीवन में भी उतारें।

उन्होंने कहा कि भारत के सर्वोच्च न्यायालय व विभिन्न उच्च न्यायालयों ने भी बार-बार यह स्पष्ट किया है कि पर्यावरणीय न्याय केवल कानून की बात नहीं यह आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों की रक्षा की बात है। हम केवल वर्तमान के लिए नहीं, भविष्य के लिए भी जवाबदेह हैं।