अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पोर्ट ब्लॉकेड मंगलवार को फिर से शुरू कर दिया है। वहीं राष्ट्रपति ट्रंप होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर भारी टैक्स लगाने की अपनी धमकी से पीछे हट गए। उन्होंने 20 फीसदी टोल शुल्क की जगह पश्चिम एशिया के देशों के साथ नए व्यापार और निवेश समझौतों का ऐलान किया है।
ट्रंप ने कहा कि मिडिल ईस्ट लीडरशिप के साथ बहुत अच्छी बातचीत के आधार पर,टोल शुल्क के बजाय अब खाड़ी देशों के बड़े निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे अमेरिका और इन देशों दोनों को फायदा होगा। अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने लिखा कि ये इन्वेस्टमेंट बहुत बड़े होंगे। फैक्ट्रियां, प्लांट और इक्विपमेंट यूनाइटेड स्टेट्स में ऐतिहासिक लेवल पर आएंगे, जिससे ज़्यादा सैलरी वाली अमेरिकन नौकरियां पैदा होंगी! इसके साथ ही ट्रंप ने ईरान के पास कभी भी न्यूक्लियर हथियार न होने की बात दोहराई।
उन्होंने कहा कि नाकेबंदी सिर्फ उन जहाजों पर होगी जो ईरानी बंदरगाहों से आ-जा रहे हैं या जिनमें ईरान से जुड़ा कोई सामान या माल होगा। इतना ही नहीं ट्रंप ने ईरान को चेतावनी भी दी है कि अगर तेहरान फिर से बातचीत शुरू नहीं करता है तो अगले हफ्ते से उसके पावर प्लांट और पुलों को निशाना बनाया जाएगा। वहीं दूसरी ओर ईरान ने साफ शब्दों में बातचीत फिर से शुरू होने की संभावना से इनकार कर दिया।
