बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने हाल ही में टॉम क्रूज की फिल्म ‘मिशन इम्पॉसिबल’ से उनकी एक फिल्म के सीन की तुलना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

बॉलीवुड में ‘खिलाड़ी’ और एक्शन किंग के नाम से जाने जाने वाले अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चाओं में हैं। हाल ही में खिलाड़ी कुमार की फिल्म हाउसफुल 5 रिलीज हुई है और अब उनकी एक और फिल्म ‘कनप्पा’ इन दिनों रिलीज से पहले चर्चाओं में है। इसी बीच अक्षय की एक फिल्म के सीन की तुलना हॉलीवुड एक्टर टॉम क्रूज से हो रही है, जिसपर अब उनका रिएक्शन आ गया है। अक्षय ने इस पर कटाक्ष भरे अंदाज में इसका जवाब दिया है। 

अक्षय ने टॉम से तुलना पर दिया जवाब 
हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें अक्षय कुमार के 2000 में रिलीज हुई फिल्म ‘खिलाड़ी 420’ का एक विमान पर स्टंट दिखाया गया है, वहीं एक क्लिप में टॉम क्रूज का ‘मिशन: इंपॉसिबल’ फिल्म से विमान पर स्टंट दिखाया गया है। इस तुलना पर अक्षय ने अपना रिएक्शन दिया है जो फैंस के लिए मजेदार और चौंकाने वाला है।

पिंकविला के साथ इंटरव्यू में अक्षय कुमार ने बताया कि उनके एक्शन स्टंट्स की प्रेरणा टॉम क्रूज से नहीं बल्कि बचपन के पसंदीदा कार्टून ‘टॉम और जेरी’ से मिलती है। उन्होंने कहा, ‘मैं जहां से प्रेरणा लेता हूं, वो आप विश्वास नहीं करेंगे – टॉम और जेरी से। मुझे ये कार्टून बहुत पसंद है। ये बच्चों के लिए है लेकिन इसमें बहुत जोरदार और हिंसक एक्शन होता है। मुझे याद है टॉम हेलीकॉप्टर से झूलते हुए जेरी को पकड़ता है, जिसे मैंने ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’ में अपनाया और ‘खिलाड़ी 420’ में वो विमान पर टॉम का स्टंट मैंने इसी से लिया।’

‘टॉम एंड जेरी’ का अक्षय ने किया जिक्र 
अक्षय ने कार्टून ‘टॉम एंड जेरी’ की हिंसक प्रकृति पर भी रोशनी डाली। उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘ये कार्टून बहुत हिंसक है। बच्चों को ये फिल्म दिखाना थोड़ा अजीब है क्योंकि इसमें बहुत सारा हिंसक कंटेंट है।’ अक्षय कुमार ने अपनी बात को मजाकिया अंदाज में कहा।

अक्षय कुमार का वर्कफ्रंट
फिल्मों की बात करें तो अक्षय कुमार का साल 2025 शानदार रहा है। इस साल उनके तीन बड़े प्रोजेक्ट्स ‘स्काई फोर्स,’ ‘केसरी चैप्टर 2,’ और ‘हाउसफुल 5’ रिलीज हो चुके हैं। इसके बाद उन्हें तेलुगु फिल्म ‘कन्नप्पा’ में भगवान शिव की भूमिका में देखा जाएगा। इसके अलावा अक्षय जल्द ही ‘जॉली एलएलबी 3’ में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ अर्शद वारसी भी हैं। साथ ही, प्रियदर्शन की ‘हेरा फेरी 3’ में अक्षय अपने प्रिय किरदार राजू की भूमिका दोबारा निभाएंगे, जिससे फैंस के बीच उत्साह का माहौल है।