गोवा सरकार ने कैसीनो संचालन संबंधी नियमों को सख्त कर दिया है। इसके अंतर्गत 21 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों के कैसीनो गेमिंग क्षेत्रों में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। गृह विभाग ने इस नए प्रतिबंध को लागू करने के लिए एक अधिसूचना जारी की है। इस अधिसूचना में समुद्र तट के पास कैसीनो जहाजों के लाइसेंस शुल्क के भुगतान संबंधी सख्त प्रावधान भी शामिल हैं। कैसीनो संचालकों द्वारा निर्धारित समय में वार्षिक लाइसेंस शुल्क का भुगतान न करने पर 18 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाएगा।

इसके अलावा इस अधिसूचना में संबंधित कानून के अंतर्गत “निर्दिष्ट क्षेत्र” शब्द की संशोधित परिभाषा को स्पष्ट किया गया है। यह कदम कैसीनो में युवाओं के प्रवेश पर रोक लगाने की लंबे समय से चली आ रही मांगों के बीच उठाया गया है। हालांकि सरकार ने कैसीनो में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाया है, लेकिन गेमिंग क्षेत्रों में प्रवेश को विनियमित करने के लिए सख्त पात्रता मानदंड लागू किए हैं।