भोपाल स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, सेंट्रल रीजनल सेंटर, भोपाल के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, भोपाल के चार प्रतिभाशाली जुडो खिलाड़ियों का चयन कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 23 जुलाई से 2 अगस्त तक ग्लासगो, स्कॉटलैंड में आयोजित होगी।
इन चार खिलाड़ियों में अस्मिता डे महिला 48 किग्रा, श्रद्धा चोपड़े महिला 52 किग्रा, अवतार सिंह पुरुष 100 किग्रा और यश घांगस पुरुष 100 किग्रा शामिल हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करना किसी भी खिलाड़ी के लिए सर्वोच्च सम्मानों में से एक माना जाता है। ऐसे में SAI CRC भोपाल के चार जुडो खिलाड़ियों का भारतीय दल में चयन इस केंद्र को देश में जुडो उत्कृष्टता के प्रमुख केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर SAI CRC भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक सिंह चौहान ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए SAI NCOE भोपाल के चार जुडो खिलाड़ियों का चयन पूरे SAI परिवार के लिए गर्व का विषय है।
यह उपलब्धि खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, दृढ़ संकल्प तथा हमारे कोचों, खेल विज्ञान विशेषज्ञों और सहयोगी स्टाफ के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। हमें पूर्ण विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर साहस, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ भारत का गौरव बढ़ाएंगे।

